Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जमीनी स्तर पर जनसंपर्क अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को टूंडी के विधायक एवं पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद महतो, ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, जिला संयोजक मंडली सदस्य एवं झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो, तथा वोडका प्रखंड की पूर्व जिला परिषद सदस्या चंद्रावती महतो के नेतृत्व में विभिन्न पंचायतों में व्यापक जनसंपर्क किया गया।
झामुमो नेताओं ने बनकाटी पंचायत के महतोडीह, हेंदलजुड़ी पंचायत के धमकबेड़ा और राजाबासा, तथा जोड़ीसा पंचायत के पिंड्राबाद और चुड़िंदा गांवों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधा। नेताओं ने जनता से अपील की कि वे संयुक्त महागठबंधन के योग्य, ईमानदार एवं संघर्षशील प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को तीर-धनुष के चुनाव चिन्ह पर मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाएं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। लोगों ने झामुमो नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया और विश्वास जताया कि सोमेश चंद्र सोरेन की जीत से स्व. रामदास सोरेन के अधूरे सपने साकार होंगे तथा घाटशिला में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।
नेताओं ने कहा कि यह चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, अधिकार और विकास की दिशा में निर्णायक लड़ाई है। तीर-धनुष की विजय ही झारखंड की अस्मिता और जल-जंगल-जमीन की रक्षा का मार्ग प्रशस्त करेगी।
इस अभियान में वकील हेंब्रम, रतन महतो, राजेश महतो, मंटू महतो, बादल किस्कू, मंगल सिंह, अशोक महतो, देवलाल महतो, नीलकांत महतो, दुलाराम टुडू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण जोश के साथ शामिल हुए।









