माझी पारगना महाल ने झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन को दिया समर्थन, भारी मतों से विजय का संकल्प

SHARE:

Jamshedpur : घाटशिला उपचुनाव को लेकर आदिवासी समाज में एक बड़ा राजनीतिक संदेश सामने आया है। माझी पारगना महाल बाखुल पावड़ा, घाटशिला में देश परगना बाबा बैजू मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से झारखंड मुक्ति मोर्चा महागठबंधन के प्रत्याशी सोमेश सोरेन को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने तीर-धनुष (तीर-कमान) छाप के पक्ष में मतदान कर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह उपचुनाव केवल एक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि आदिवासी अस्तित्व, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था की मजबूती और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण की लड़ाई है। यह पूर्व मंत्री स्व. रामदास सोरेन के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।

बैठक में यह बताया गया कि समाज के प्रतिनिधि मंडल ने हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने वादा किया कि चुनाव के उपरांत पेसा कानून 1996 को झारखंड के पांचवीं अनुसूची क्षेत्रों में लागू किया जाएगा। साथ ही समाज की अन्य महत्वपूर्ण मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।

माझी पारगना महाल के नेताओं ने कहा कि आज आदिवासी समग्र विकास और झारखंडी अस्मिता की रक्षा का समय है। अतः समाज अपने पारंपरिक मूल्यों, स्वशासन और संवैधानिक अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन को विजयी बनाने का संकल्प लेता है।

बैठक में देश पारानिक बाबा दुर्गा चरन मुर्मू, देश गोडेत श्याम सुंदर मुर्मू, पारगना बाबा बैजू टुडू, पद्मावती हेंम्ब्रोम, लखन मार्डी, फागु बेसरा, सर्बात मुर्मू, सास्त्रि हेंम्ब्रोम, माझी बाबा भोदो मुर्मू सहित बड़ी संख्या में समाज के अगुवा एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment