जमशेदपुर : दीपावली के शुभ अवसर पर बागबेड़ा कॉलोनी के निवासियों को स्वच्छ पेयजल का उपहार मिला। पंचायत समिति सदस्य (पंसस) सुनील गुप्ता ने अपने पंचायत मद से करीब 7 लाख रुपये की लागत से आरओ फिल्टर प्लांट का निर्माण कराया है। यह प्लांट कुंवर सिंह मैदान सामुदायिक भवन के समीप स्थापित किया गया है।
आरओ प्लांट का विधिवत उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पंचायत प्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे।
पंसस सुनील गुप्ता ने बताया कि बागबेड़ा क्षेत्र में लंबे समय से शुद्ध पेयजल की समस्या थी। लोगों की इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने यह योजना शुरू की ताकि आम जनता को सुलभ दर पर शुद्ध पानी मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्लांट के संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय समिति को दी गई है। सर्वसम्मति से यह तय हुआ कि 20 लीटर पानी के लिए मात्र 5 रुपये लिए जाएंगे, जिससे प्लांट के रखरखाव की व्यवस्था हो सके।
गौरतलब है कि यह जमशेदपुर प्रखंड का पहला पंचायत स्तरीय आरओ प्लांट है। भविष्य में अन्य पंचायतों में भी इसी तरह की व्यवस्था करने की योजना है।
उद्घाटन समारोह में उपमुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य कुमुद रंजन सिंह, सीमा पांडेय, समाजसेवी मिथलेश सिंह, विशाल, रमेश सिंह, अखिलेश सिंह, सीनू राव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।









