पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई की पहल से दूधपानी टोला पुंडुसाई में लगा नया ट्रांसफार्मर, दीपावली पर लौटी रौशनी, ग्रामीणों में उत्सव का माहौल

SHARE:

Chaibasha : हाटगम्हरिया प्रखंड की दीकुबालकांड पंचायत स्थित ग्राम दूधपानी टोला पुंडुसाई में लंबे समय से जला हुआ ट्रांसफार्मर ग्रामीणों की परेशानी का कारण बना हुआ था। पूरे गांव में अंधेरा पसरा हुआ था और दीपावली नजदीक होने के कारण ग्रामीण चिंतित थे। ऐसे में पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने तत्काल संज्ञान लेते हुए शनिवार को 25 केवी का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया।

नया ट्रांसफार्मर लगते ही गांव में बिजली बहाल हो गई, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। दीपावली के मौके पर गांव में रौशनी लौटना लोगों के लिए किसी बड़े त्योहार से कम नहीं था। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ उत्सव मनाया तथा एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।


ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई सप्ताह से बिजली कटे रहने के कारण वे त्योहार की तैयारियां भी नहीं कर पा रहे थे। पूर्व मंत्री की पहल से गांव में फिर से उजाला लौट आया है, जिसके लिए उन्होंने बड़कुंवर गागराई का अभार जताया।

पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हाटगम्हरिया प्रखंड के अन्य क्षेत्रों में भी जहां बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।

इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। दीपावली के मौके पर गांव में रौशनी का फैलना न केवल बिजली बहाली की सफलता है, बल्कि ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। गांव में दीपावली का उल्लास चरम पर है और ग्रामीणों ने इसे ‘असली दीपावली का तोहफा’ बताया।

Leave a Comment