Jamshedpur:जोजोबेरा स्थित टाटा पॉवर कंपनी में कार्यरत बाहर से आए मजदूरों के साथ हो रहे शोषण और अत्याचार को लेकर मामला गर्मा गया है। इस संबंध में सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह झामुमो नेता राजेश सामंत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्लांट हेड को आवेदन सौंप कर न्याय की मांग की है।
राजेश सामंत ने बताया कि टाटा पॉवर की भेंडर फोनिक्स कंपनी में कार्यरत उत्तर प्रदेश के मजदूर अमित कुमार काम के दौरान बेहोश हो जाने के बाद इलाज के लिए ले जाया गया। इलाज के बाद कंपनी इंचार्ज महाराणा प्रताप सिंह और सेफ्टी सुपरवाइजर नितेश कुमार पर आरोप है कि उन्होंने मजदूर की जेब से गेट पास निकाल लिया, ₹4000 जबरन छीन लिए और धमकाकर नौकरी से निकाल दिया।
राजेश सामंत ने कहा कि यह राज्य और शहर के लिए शर्मनाक घटना है। झारखंड सरकार बाहर के मजदूरों की सुरक्षा और सम्मान की गारंटी देती है, लेकिन कंपनी प्रबंधन के लोग श्रमिकों का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित मजदूर को न्याय और पुनः नियुक्ति नहीं दी गई, तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की जाएगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में झारखंड आंदोलनकारी झामुमो नेता जेना जामुदा, भूपति सरदार, मुखिया शिवलाल लोहरा, छोटे सरदार, रूपम सिंह, सुलोचना लोहरा, डॉ. भादुक और अमित कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे।









