ईचागढ़ में डीसी के आदेशों की खुलेआम धज्जियां, बालू माफिया बेखौफ — 40 से अधिक ट्रैक्टरों से हो रही अवैध निकासी

SHARE:

Adityapur  : जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में बालू का अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि उपायुक्त के सख्त निर्देशों के बावजूद भी बालू माफिया खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दिन के उजाले में ही बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही जारी है, जिससे प्रशासनिक सख्ती पर सवाल उठ रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, 40 से 50 ट्रैक्टर प्रतिदिन बालू लेकर निकलते देखे जा रहे हैं, जिनमें से कई प्रखंड कार्यालय के समीप से गुजरते हैं। यह स्थिति ईचागढ़ के थाना प्रभारी विक्रम आदित्य पांडे, अंचल अधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर रही है — क्या वे इस बड़े रैकेट से अनजान हैं, या फिर जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं?

बालू के अवैध निकासी से राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। जबकि, ईचागढ़ थाना क्षेत्र पहले से ही खनन विभाग की कई कार्रवाइयों के लिए चर्चित रहा है। पूर्व में यहां कई बालू लदे हाईवा, ट्रैक्टर, जेसीबी और अवैध भंडारण को जब्त किया जा चुका है।

गौरतलब है कि हाल ही में राज्यपाल के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में चूक देखने को मिली थी, जब एक व्यक्ति की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वहीं, कुछ दिन पूर्व एक स्टॉकयार्ड संचालक ने थाना प्रभारी पर तंग करने का आरोप भी लगाया था।

Leave a Comment