भाजपा का आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने झामुमो-कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

SHARE:


Jamshedpur:आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत रविवार को जमशेदपुर महानगर के पश्चिम विधानसभा स्तरीय सम्मेलन का भव्य आयोजन बिस्टुपुर स्थित तुलसी भवन के मानस सभागार में किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, पूर्व सांसद आभा महतो समेत कई वरिष्ठ नेता भी मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पार्टी के पितृपुरुषों के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।


“जनता के हितों के बजाय इन्हें सिर्फ कमीशन और स्वार्थ की चिंता” — आदित्य साहू

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक भारतवासी को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना है।

आदित्य साहू ने आंकड़ों के साथ बताया कि वर्ष 2014 से पहले भारत में मोबाइल निर्माण की स्थिति बेहद कमजोर थी, लेकिन आज 200 से अधिक मोबाइल निर्माण इकाइयों की स्थापना के साथ भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन गया है।

झारखंड सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा,

“झामुमो-कांग्रेस की सरकार जनता की भलाई नहीं, बल्कि कमीशन और अपने स्वार्थ में डूबी हुई है। केंद्र सरकार जनता के हित में फैसले लेती है, और ये सरकार उसका विरोध करती है।”


उन्होंने दीपावली और छठ जैसे पर्वों में स्वदेशी उत्पाद खरीदने व बेचने की अपील करते हुए कहा कि यही सच्चा राष्ट्रसेवा और आत्मनिर्भरता का मार्ग है।

सांसद विद्युत महतो बोले — ‘वोकल फॉर लोकल’ से देश बनेगा आर्थिक शक्ति

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिया गया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश अब जन-जन का मंत्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कमी आम जनता और व्यापारियों के लिए केंद्र सरकार का बड़ा उपहार है।

वहीं विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को वैश्विक मंच पर स्वदेशी उत्पादन की शक्ति के रूप में स्थापित किया है।

प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान तभी सफल होगा, जब हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देगा और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देगा।


सम्मेलन में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़

कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए जिन्होंने आत्मनिर्भर भारत शपथ पत्र का वाचन किया और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
स्वागत भाषण सुधांशु ओझा ने दिया, मंच संचालन संजीव सिन्हा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन राजीव सिंह ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर बिनोद सिंह, गुंजन यादव, नीरज सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, मनोज सिंह, राजन सिंह, जटाशंकर पांडेय, कुसुम पूर्ति, योगेश मल्होत्रा, सोनू ठाकुर, फातिमा शाहीन सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment