सारंडा में फिर गूंजा नक्सलियों का धमाका, मोबाइल टावर के जेनसेट मशीन को किया आग के हवाले

SHARE:

Chaibasa :पश्चिम सिंहभूम जिले के घने जंगलों में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी मौजूदगी का सबूत दिया है। 8 से 14 अक्टूबर तक मनाए जा रहे प्रतिशोध सप्ताह के बीच शनिवार की देर रात नक्सलियों ने जराईज़ेला थाना क्षेत्र के कोलबंगा गांव के पास एयरटेल कंपनी के मोबाइल टावर को निशाना बनाया।

सूत्रों के अनुसार, करीब 20 की संख्या में हथियारबंद नक्सली गांव में पहुंचे और टावर के नीचे लगे जेनसेट मशीन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में पूरा जेनसेट और उपकरण जलकर राख हो गया। इस दौरान नक्सलियों ने जोरदार नारेबाजी की और पर्चे फेंककर यह संदेश दिया कि उनका प्रभाव अब भी सारंडा में कायम है।

माना जा रहा है कि इस हमले का मकसद संचार तंत्र को बाधित करना है ताकि सुरक्षाबलों की गतिविधियों की जानकारी बाहर न जा सके।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से सारंडा क्षेत्र में नक्सली घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। हाल ही में नक्सलियों ने तीन अलग-अलग स्थानों पर आईईडी विस्फोट कर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया था, जिसमें एक जवान शहीद और दो गंभीर रूप से घायल हुए थे। फिलहाल घायलों का इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है।

लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल है। वहीं सुरक्षाबलों ने भी सारंडा में नक्सल विरोधी अभियान को और तेज कर दिया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, सर्व ऑपरेशन फिलहाल जारी है और सुरक्षाबल हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Comment