बागबेड़ा कॉलोनी में जल्द शुरू होगी जलापूर्ति योजना, एक महीने में मिलेगा शुद्ध पानी – विभाग ने दिया आश्वासन

SHARE:

जमशेदपुर (बागबेड़ा):
बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के हजारों लोगों को जल्द ही शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलने जा रही है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ महेंद्र बैठा और जेई आशुतोष ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि एक महीने के अंदर बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना को प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिसके बाद कॉलोनीवासियों को नियमित रूप से शुद्ध पानी की आपूर्ति होने लगेगी।

इस संबंध में बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विभाग को छह सूत्री मांग पत्र सौंपा, जिसे कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार के निर्देश पर एसडीओ महेंद्र बैठा और जेई आशुतोष को सौंपा गया।

मांग पत्र में प्रमुख रूप से निम्न बिंदु शामिल थे —

बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना को अविलंब शुरू कर शुद्ध पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर 3 के 50 घरों में तत्काल जलापूर्ति बहाल की जाए।

रोड नंबर 1 स्थित फिल्टर पंप हाउस के मोटर कक्ष की मरम्मत शीघ्र कराई जाए।

विभागीय कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाए।

विभाग के आय-व्यय का विवरण सार्वजनिक किया जाए।

इन सभी मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि एक महीने के भीतर जलापूर्ति योजना चालू कर दी जाएगी, वहीं आय-व्यय का ब्योरा जारी करने के लिए एक सप्ताह के अंदर पत्र निर्गत किया जाएगा। साथ ही कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर 3 में जल्द ही शुद्ध पेयजल की आपूर्ति बहाल करने का भी आश्वासन दिया गया।

इस दौरान पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, बागबेड़ा मध्य पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि के.डी. मुंडा सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।


Leave a Comment