Jamshedpur : स्व. मिथिलेश झा मेमोरियल फाउंडेशन एवं रेड क्रॉस सोसाइटी, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को केनेलाइट होटल में एक दिवसीय मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर फाउंडेशन के संस्थापक स्वर्गीय मिथिलेश झा की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया और यह इस तरह का लगातार चौथा आयोजन था, जो उनके कार्यों और मूल्यों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से किया गया।
शिविर का उद्घाटन आरक्षी उपाधीक्षक-2 श्री सुनील चौधरी, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती चौधरी, रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव श्री विजय कुमार सिंह और केनेलाइट होटल के प्रबंधक श्री अमलेश झा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर एवं स्व. मिथिलेश झा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर श्री सुनील चौधरी ने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा –
“रक्तदान महादान है, इससे बड़ा कोई पुण्य नहीं। यह जीवन बचाने का सीधा माध्यम है और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है।”
इस शिविर में उद्घाटनकर्ता सहित कुल 75 लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदाताओं को आयोजकों की ओर से प्रमाण पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
शिविर को सफल बनाने में अमलेश झा, निर्मल दीप, नवीन सिंह, डी.के. घोष, पूर्वी घोष, राजपति देवी सहित कई अन्य लोगों की सराहनीय भूमिका रही।
यह आयोजन स्व. मिथिलेश झा के समाजसेवी योगदानों को याद करते हुए समाज में रक्तदान जैसी मानवीय सेवा की भावना को बढ़ावा देने का एक प्रेरक प्रयास बना।









