गुरुजी का जाना झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति : विधायक मंगल कालिंदी

SHARE:

Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के अग्रणी सेनानी दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गुरुजी का जाना केवल एक नेता का निधन नहीं, बल्कि आंदोलन के एक युग का अंत है। यह झारखंड राज्य और विशेषकर झामुमो परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

विधायक मंगल कालिंदी ने अपने शोक संदेश में कहा, “गुरुजी ने अपना संपूर्ण जीवन आदिवासी, दलित और वंचित समाज की सेवा और अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया। उनकी सादगी, संघर्षशीलता और दूरदर्शिता हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। उनके विचार और आदर्श सदैव हमें जनसेवा के मार्ग पर चलते रहने की प्रेरणा देते रहेंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि वह मरांग बुरू से प्रार्थना करते हैं कि वह गुरुजी की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, श्रीमती कल्पना सोरेन सहित समस्त शोक संतप्त परिवार को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

झामुमो के लिए यह शोक की घड़ी न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि एक युगद्रष्टा नेतृत्व को खो देने का भावनात्मक क्षण भी है।

Leave a Comment