रांची में फिर दबंगई! SUV चालक ने पुलिस पर चढ़ाई गाड़ी, दो पेट्रोलिंग वाहन क्षतिग्रस्त

SHARE:

रांची, झारखंड | 8 जुलाई 2025
राजधानी रांची में एक बार फिर दबंगई का नंगा नाच देखने को मिला, जब एक काली थार जीप सवार युवकों ने गश्ती पर निकली पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। ये घटना शुक्रवार देर रात जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के पुराना विधानसभा मैदान के पास हुई।

सूत्रों के अनुसार, रात क़रीब 12:30 बजे, काली रंग की SUV को तेज़ रफ्तार में खतरनाक ढंग से चलाया जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब गाड़ी रोकने का प्रयास किया, तो गाड़ी से चार युवक उतरे और पुलिस से गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने लगे।

स्थिति बिगड़ते देख एएसआई अनिल कुमार राम ने अतिरिक्त फोर्स (पीसीआर-14) को बुलाया। परंतु तब तक युवकों की गुंडागर्दी और बढ़ गई। एक युवक ने एएसआई को धक्का देकर गिरा दिया और फिर थार जीप चढ़ाने की कोशिश की। गाड़ी की चपेट में आने से पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे।

बेकाबू SUV चालक ने पहले पेट्रोलिंग वाहन को जोरदार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया, फिर भागने की कोशिश में पीसीआर-14 को भी सामने से टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीछा करने के बावजूद पुलिस उन्हें पकड़ नहीं सकी। घटनास्थल से दो मोबाइल बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर जांच तेज़ कर दी गई है।

पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

गौरतलब है कि कुछ हफ्ते पहले भी चुटिया थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग टीम के साथ इसी तरह की दबंगई की घटना हुई थी। वहां पुलिस द्वारा जब अवैध बालू लदा ट्रक पकड़ा गया था, तो आरोपियों ने पुलिस वाहन को आगे से घेरकर ट्रक छुड़ाकर फरार हो गए थे। उस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, और अब एक और गंभीर हमला सामने आया है।

मुद्दा गंभीर, पुलिस की साख पर सवाल!

लगातार हो रही इन घटनाओं ने रांची पुलिस की सुरक्षा और कार्रवाई क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि अपराधियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो पुलिस बल के मनोबल पर विपरीत असर पड़ सकता है।
रांची पुलिस की ओर से यह जानकारी दी गई है कि थार जीप की पहचान कर ली गई है, जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें