Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा गुरुवार को जमशेदपुर स्थित पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त कार्यालय के समीप भाजपा का पुतला दहन किया गया। इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संयोजक मंडली प्रमुख श्री बाघराय मार्डी ने किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा संथाल परगना के भोले-भाले आदिवासियों और मूलवासियों को गुमराह करने का षड्यंत्र रच रही है। लेकिन झारखंड की जनता अब भाजपा की चालों को भलीभांति समझ चुकी है और हर बार उनके षड्यंत्रों को नाकाम करती आ रही है।
बाघराय मार्डी ने कहा कि जब से झारखंड से भाजपा सत्ता से बाहर हुई है, वह बार-बार सरकार गिराने के असफल प्रयास कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति राज्य की जनता का विश्वास अटूट है। उन्होंने कहा भाजपा केवल गाल बजाने और साजिश रचने में माहिर है, लेकिन झारखंड की जनता अब इनके झांसे में नहीं आने वाली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की आत्मा बन चुके हैं।
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, हिरामुनि मुर्मू, सागेन पूर्ति, सुनील महातो, चंद्रावती महातो, कुद्दू उरांव, पिंटू दत्ता, अजय रजक, फतेह चंद्र टुडू, सहित लगभग 40 से अधिक नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा की “कुटिल मानसिकता” की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि राज्य की जनता झारखंड की अस्मिता और सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है और भविष्य में भी किसी भी तरह की राजनीतिक साजिश को विफल करती रहेगी।
यह विरोध प्रदर्शन राज्य की राजनीतिक गरमाहट को और तेज कर सकता है, विशेषकर जब भाजपा और झामुमो के बीच आदिवासी मतदाताओं को लेकर सीधा संघर्ष जारी है।









