Ranchi Road Accident: ट्रक की चपेट में आकर मां समेत दो मासूम बच्चियों की मौत, तीन घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi  : रांची जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई, जबकि पति और दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना एनएच-43 पर नारो बाजार के पास दोपहर करीब डेढ़ बजे की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटकी थाना क्षेत्र के चिनारो पुरियो गांव निवासी विजय धान अपनी पत्नी पूजा धान (40 वर्ष) और चार बच्चों के साथ बाइक से जगन्नाथपुर मेला देखने के लिए निकले थे। नारो बाजार के पास सड़क किनारे खड़ी एक सिटी राइड बस सवारी चढ़ा रही थी। बस को ओवरटेक करते वक्त बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और पूरा परिवार सड़क पर जा गिरा।

उसी समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पूजा धान, उनकी आठ वर्षीय पुत्री अनुष्का धान और एक वर्षीय बच्ची अनामिका धान को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। विजय धान, उनकी बेटी अमिता धान और पुत्र आयुष धान इस हादसे में घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूजा और उनकी दोनों बेटियों को मृत घोषित कर दिया। घायल तीनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

ट्रक चालक गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज

घटना के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक को नगड़ी पुलिस ने पीछा कर पिस्का रेलवे फाटक के पास गिरफ्तार कर लिया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मृतका के ससुर मंगल धान की शिकायत पर नगड़ी थाना में ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

बाइक पर सवार थे छह लोग

घटना की जानकारी देते हुए मंगल धान ने बताया कि बुधवार की दोपहर उनका बेटा विजय, बहू पूजा और चार बच्चों को लेकर बाइक से मेला देखने जा रहा था। एक ही बाइक पर छह लोग सवार थे। सिटी राइड बस को ओवरटेक करने की कोशिश में बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और पीछे से आए ट्रक ने हादसे को अंजाम दे दिया।

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से सिटी राइड बसों की मनमानी और ट्रकों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें