Aditypur: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक स्थित एक स्टेशनरी दुकान में बीती रात चोरी और आगजनी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना में दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई और करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बापी ओझा की स्टेशनरी दुकान जो कि एक गुमटी (ठेला दुकान) के रूप में लाल बिल्डिंग चौक पर स्थित है, उसमें असामाजिक तत्वों ने पहले नकदी और सामान की चोरी की और फिर गुमटी में आग लगा दी। देखते ही देखते गुमटी धू-धू कर जलने लगी और पूरा सामान नष्ट हो गया।

चौंकाने वाली बात यह है कि यह चौक पुलिस गश्ती जीप का नियमित पड़ाव है, जहां अक्सर दिन-रात पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तैनात रहती है। इसके बावजूद इस तरह की बड़ी घटना का घटित होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है और दुकानदारों में भय का माहौल बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और घटना के पीछे शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

बापी ओझा ने बताया कि दुकान में रखी नकदी और स्टेशनरी का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। स्थानीय व्यवसायियों ने इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चौक पर रात्रिकालीन पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है।









