असनबानी (चांडिल), 31 मई : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एमबीएनएस समूह ऑफ इंस्टीट्यूशंस, असनबानी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “तंबाकू के सेवन से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों को समझना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना” विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यशाला के मुख्य अतिथि चांडिल थाना प्रभारी श्री दिलसन बिरुआ रहे, जिन्होंने तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को इससे दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “तंबाकू न केवल शरीर को अंदर से खोखला करता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। यह हमें धीरे-धीरे मौत की ओर ले जाता है।” उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए व्यायाम, पौष्टिक आहार और सकारात्मक सोच को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन श्री विवेक सिंह ने की जबकि निदेशिका श्रीमती अनुपा सिंह ने अपने विचार रखते हुए कहा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ शिक्षा देना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक और स्वस्थ बनाना भी है। ऐसी कार्यशालाएं युवाओं में सकारात्मक सोच को जन्म देती हैं।”

छात्रों और संकाय सदस्यों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया। चर्चा सत्र के दौरान छात्रों ने अपने अनुभव और विचार साझा करते हुए यह संकल्प लिया कि वे स्वयं तंबाकू से दूर रहेंगे और समाज में इसके दुष्परिणामों को लेकर जागरूकता फैलाएंगे।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे श्रीमती अनुपा सिंह ने प्रस्तुत किया। उन्होंने एनएसएस इकाई के सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने की बात कही। इस कार्यशाला के माध्यम से एमबीएनएस संस्थान ने न सिर्फ छात्रों और शिक्षकों में जागरूकता लाई, बल्कि समाज में भी तंबाकू के खिलाफ एक सशक्त संदेश दिया।









