नदी की तेज धार में बहा किशोर, दो दोस्त बचे; सर्च ऑपरेशन जारी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

आरआइटी थाना क्षेत्र के राधा स्वामी मार्ग के पास हुआ हादसा, सूरज मिश्रा की डूबने से मौत की आशंका

जमशेदपुर : आरआइटी थाना अंतर्गत राधा स्वामी मार्ग के समीप खरकई नदी पर बने चेक डैम में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान तीन युवक नदी की तेज धार में बह गए, जिनमें से दो को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक 15 वर्षीय किशोर सूरज मिश्रा डूब गया। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका शव बरामद नहीं हो सका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रायडीह बस्ती लंका टोला के रहने वाले सूर्यभान सिंह, ऋषभ राज और सूरज मिश्रा मंगलवार की शाम करीब चार बजे राधा स्वामी मार्ग की ओर घूमने निकले थे। घूमते-घूमते वे चेक डैम पहुंचे और स्नान करने का निर्णय लिया। नहाने के क्रम में तीनों युवक नदी की तेज धार में बहने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्काल मुस्तैदी दिखाते हुए सूर्यभान और ऋषभ को बचा लिया, लेकिन सूरज मिश्रा पानी में डूब गया।

घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। आरआइटी थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान शुरू करवाया। देर शाम तक चले अभियान में सूरज का कुछ पता नहीं चल सका, जिसके बाद मंगलवार को अभियान को स्थगित कर दिया गया। बुधवार को पुनः तलाश अभियान शुरू किया जाएगा।

सेंट मैरी स्कूल में पढ़ता था सूरज, परिवार में मचा कोहराम
डूबने वाला किशोर सूरज मिश्रा जमशेदपुर के सेंट मैरी हिंदी उच्च विद्यालय में नौवीं कक्षा का छात्र था। गर्मी की छुट्टी होने के कारण वह अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। बताया जा रहा है कि उसने अपनी साइकिल लंका टोला में ही छोड़ दी थी और फिर नदी की ओर चला गया।

सूरज के पिता बीएमडब्ल्यू कंपनी में कार्यरत हैं। उसके परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक का मामा निवर्तमान मेयर विनोद श्रीवास्तव का चालक है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता ब्रह्मानंद झा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और सहायता करने मौके पर पहुंचे।


The specified slider id does not exist.