Road Accident : बाइक स्टंट बना मौत का कारण, 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

SHARE:

Saraikela : सरायकेला-कालाडूंगरी मार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब कालागुजू गांव निवासी कालिदास महतो बाइक से स्टंट करते हुए लौट रहा था। बड़ा कांकड़ा गांव के समीप तेज गति में स्टंट कर रहे कालिदास की बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेत में रखी ईंट से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।



प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कालिदास बाइक को सड़क पर रगड़ते हुए चिंगारी निकाल रहा था, जिससे उसका नियंत्रण बिगड़ गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।



पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों ने भी युवक को स्टंट करते देखा था। कालिदास की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है।

Leave a Comment

और पढ़ें