Storm Damage : तेज आंधी-पानी से पोटका के कई गांवों में तबाही, विधायक संजीव सरदार ने किया दौरा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka : रविवार की देर शाम पोटका प्रखंड के कई गांवों में आई तेज आंधी और बारिश ने जमकर कहर बरपाया। बानागुट्टू, काँटासोला, कोंदर और उदाल समेत कई गांवों में मकान क्षतिग्रस्त हो गए, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए तथा लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा से ग्रामीण दहशत में हैं।



घटना की जानकारी मिलते ही पोटका के विधायक संजीव सरदार ने तत्परता दिखाते हुए सोमवार को प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर ग्रामीणों से मुलाकात की, उनके नुकसान की जानकारी ली और प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर त्वरित राहत पहुंचाने और मुआवजा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।



विधायक ने कहा, “प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ा रहना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाया जाए। किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।”



ग्रामीणों ने विधायक की त्वरित पहल और संवेदनशील रवैये की सराहना की। मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने कहा कि संजीव सरदार ने न सिर्फ उनकी समस्याएं सुनीं, बल्कि राहत के लिए तुरंत कदम भी उठाए।



स्थानीय प्रशासन ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि मुआवजे की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। पोटका क्षेत्र में विधायक संजीव सरदार की सक्रियता एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। आपदा की इस कठिन घड़ी में उनके संवेदनशील नेतृत्व ने ग्रामीणों को राहत की उम्मीद दी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें