जमशेदपुर (मानगो), 9 मई: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष एवं पश्चिम विधानसभा के पूर्व विधायक प्रतिनिधि मौलाना अंसार खान की मेहनत आखिरकार रंग लाई है। मानगो क्षेत्र के गुलाब बाग फेस टू और जवाहर नगर रोड नंबर 13A में लंबे समय से ट्रांसफार्मर न होने की समस्या अब समाप्त होने जा रही है। कल इन दोनों जगहों पर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।

इस सिलसिले में मौलाना अंसार खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, मानगो के कार्यपालक अभियंता कपिल निरंजन तिग्गा से मुलाकात की। अंसार खान ने अभियंता को अवगत कराया कि गुलाब बाग फेस टू, जवाहर नगर रोड नंबर 13A और वारिस कॉलोनी में बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। इनमें से कई इलाकों में अभी तक ट्रांसफार्मर या बिजली के खंभे तक नहीं लगे हैं।

इसके बाद कार्यपालक अभियंता ने तत्काल अपने कार्यालय में संबंधित पदाधिकारियों को बुलाकर निर्देश दिए कि कल तक दोनों इलाकों में ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वारिस कॉलोनी में अगले सप्ताह से बिजली के खंभे लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

अंसार खान ने कहा, “इन इलाकों में ट्रांसफार्मर की अनुपस्थिति के कारण लोगों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इंशा’अल्लाह कल के बाद बस्ती वासियों को राहत मिलेगी।”

आज के प्रतिनिधिमंडल में जुबेर मलिक, अनवर उल हक, मोहम्मद शादाब अख्तर, मोहम्मद मुजाहिद, लाल भाई, मोहम्मद सोनू, टिंकू, मोहम्मद राशिद, पिंकू, मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद आरजू खान और आदिल खान शामिल थे।









