जाति जनगणना को लेकर जागरूकता अभियान चलाएगा आदिवासी मुंडा समाज

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर , 4 मई 2025: पूर्वी काली माटी पंचायत भवन, सोपोडेरा गांधी मैदान में रविवार को आदिवासी मुंडा समाज की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष श्री रुद्र मुंडा ने की। बैठक में जाति जनगणना 2025 को लेकर विशेष चर्चा की गई, जिसमें समाज के वरिष्ठ सदस्य श्री राम सिंह मुंडा ने स्पष्ट रूप से कहा कि मुंडा समाज जनगणना में सक्रिय भागीदारी करेगा और सभी सदस्य अपने जाति के रूप में ‘मुंडा’ और धर्म के रूप में ‘सरना’ दर्ज कराएंगे।



उन्होंने बताया कि समाज की ओर से एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि हर व्यक्ति को इस प्रक्रिया के महत्व की जानकारी हो और कोई भी अपनी पहचान दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। बैठक में हाल ही में 13 अप्रैल को सफलतापूर्वक संपन्न सरहुल महोत्सव की भी समीक्षा की गई। आयोजन को लेकर समाज के सभी सदस्यों ने संतोष व्यक्त किया और भविष्य में और बेहतर आयोजन की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।


बैठक का एक महत्वपूर्ण निर्णय यह रहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को संगठित कर ‘आदिवासी मुंडा महिला समिति’ का गठन किया जाएगा। यह समिति समाज में सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी और पारंपरिक आदिवासी मूल्यों को जागरूकता अभियानों के माध्यम से आगे बढ़ाएगी।



बैठक में प्रमुख रूप से सुनीता नाग (मुखिया), प्रभु राम मुंडा (मुखिया), प्रकाश सांडील (पंचायत समिति सदस्य), धन सिंह मुंडा (पूर्व मुखिया), महेश नाग, सुलेखा सांडील, सीमा मुंडा, किरण देवी, सुमित्रा नाग, रुक्मणि सोलंकी, राज सांडील, राम सिंह मुंडा, धीरज सांडील, कृष सांडील समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.