वरिष्ठ पत्रकार एसएन दुबे का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। आदित्यपुर के वरिष्ठ पत्रकार सिद्धिनाथ दुबे (एसएन दुबे) का बुधवार शाम निधन हो गया। 75 वर्षीय श्री दुबे पिछले कई दिनों से बीमार थे और उनका इलाज उनके आवास पर ही चल रहा था। उनके निधन की सूचना मिलते ही कोल्हान क्षेत्र के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

श्री दुबे की अंतिम यात्रा उनके आदित्यपुर-2 स्थित आवास से देर शाम निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। कई गणमान्य व्यक्ति उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

बक्सर (बिहार) जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के मूल निवासी दुबे जी पिछले 45 वर्षों से आदित्यपुर में रह रहे थे। वे हिंदी दैनिक ‘उदितवाणी’ से लंबे समय तक जुड़े रहे और हाल के वर्षों में ‘झारखंड प्रदीप’ नामक मासिक पत्रिका का संपादन एवं प्रकाशन कर रहे थे। उन्होंने चमकता आईना, एससीएन न्यूज सहित कई संस्थानों में भी पत्रकारिता की।

वे अपने पीछे पत्नी, पुत्र अमित और तीन विवाहित पुत्रियों सहित एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी आत्मा की शांति के लिए सभी ने प्रार्थना की और शोकसंतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल देने की कामना की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.