MLA Saryu Rai : विधायक सरयू राय की पहल पर हुआ निर्णय, टिमकेन गोलचक्कर से भुईंयाडीह तक एक और फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी मंजूर

जमशेदपुर।  निर्माणाधीन मानगो फ्लाईओवर के डिजाइन में महत्वपूर्ण बदलाव पर सहमति बन गई है। अब यह फ्लाईओवर मानगो चौक से पायल सिनेमा की दिशा में दोतरफा (टू लेन) बनाया जाएगा। पहले की योजना में यह हिस्सा केवल एकतरफा था। विधायक सरयू राय की अध्यक्षता में शुक्रवार रात हुई समीक्षा बैठक और शनिवार को क्षेत्र भ्रमण के बाद यह अहम निर्णय लिया गया। बैठक में फ्लाईओवर निर्माण एजेंसी के मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव, जो इस कार्य के लिए विशेष रूप से अहमदाबाद से आए थे, तथा पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय शामिल रहे। सभी ने शनिवार सुबह क्षेत्र का निरीक्षण कर तकनीकी व भौगोलिक स्थितियों का आकलन किया।



विधायक सरयू राय ने बताया कि स्थानीय व्यापारियों व निवासियों की मांग पर मानगो चौक से पायल सिनेमा की ओर जाने वाले हिस्से को दोतरफा बनाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए वन विभाग की भूमि के सीमित उपयोग का प्रस्ताव भी दिया गया है। फ्लाईओवर के अंतिम छोर पर पायल सिनेमा के पास एक गोलचक्कर बनाया जाएगा, जिससे यातायात को यू-टर्न की सुविधा मिल सके। साथ ही दोनों ओर सर्विस रोड बनेगी और फ्लाईओवर के नीचे की जगह वाहन पार्किंग के लिए इस्तेमाल की जाएगी। इस निर्णय के बाद गत दो दिनों से रुका हुआ पायलिंग कार्य भी पुनः शुरू करने का निर्देश दे दिया गया है। स्थानीय नागरिकों को उनकी मांग पूरी होने की सूचना दी गई है, जिससे जनसमर्थन भी मिला है।

वहीं, विधायक राय, डिजाइनर भार्गव और अभियंता सहाय ने साकची के हाथी-घोड़ा मंदिर से लेकर भुईंयाडीह श्मशान घाट तक का निरीक्षण किया। इस दौरान टिमकेन गोलचक्कर के ऊपर से एक और फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया, ताकि भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार हो सके और मानगो पुल पर दबाव न बढ़े। इस पर सहमति बनते हुए डिजाइन तैयार करने का निर्देश भी जारी कर दिया गया है। विधायक राय ने कहा कि मानगो फ्लाईओवर के डिज़ाइन में किया गया यह संशोधन शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा। साथ ही नए फ्लाईओवर की योजना जमशेदपुर के भविष्य के ट्रैफिक लोड को ध्यान में रखते हुए एक दूरदर्शी कदम है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]