Olympian’s son : ओलंपियन के बेटे संग झामुमो नेता पर मारपीट का आरोप, जमीन विवाद ने पकड़ा तूल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर : पदमपुर मौजा में 1.26 एकड़ जमीन को लेकर चल रहा विवाद अब गहराता जा रहा है। मामला तब तूल पकड़ गया जब पूर्व ओलंपियन शिवनाथ सिंह के पुत्र अर्जुन सिंह ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता और ग्राम प्रधान कृष्णा बास्के पर गंभीर आरोप लगाए। अर्जुन सिंह का कहना है कि जमीन पर कब्जा लेने के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उनका वाहन क्षतिग्रस्त किया गया।

अर्जुन सिंह ने बताया कि वर्ष 2001 में राज्य सरकार द्वारा उनके पिता शिवनाथ सिंह को उक्त भूमि बंदोबस्त की गई थी। इसके बाद जब उन्होंने जमीन पर अपना दावा प्रस्तुत कर कब्जा लेने की कोशिश की, तो स्थानीय ग्राम सभा की अनुमति नहीं होने का हवाला देकर कुछ लोगों ने विरोध किया। इसी क्रम में ग्राम प्रधान कृष्णा बास्के व उनके समर्थकों द्वारा अंचल कार्यालय में भी जमकर हंगामा किया गया। बताया जा रहा है कि कार्यालय में मौजूद अधिकारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।



घटना के बाद अर्जुन सिंह ने खुद को और अपने परिवार को जान का खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने यह भी चेताया कि अगर न्याय नहीं मिला तो वे अपने पिता द्वारा प्राप्त सम्मानों को लौटा सकते हैं। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इलाके में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों की भी इस मुद्दे पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.