डॉ. अंबेडकर जयंती पखवाड़ा पर भाजपा एससी मोर्चा ने आयोजित की विचार गोष्ठी, रघुवर दास ने सामाजिक समरसता पर दिया जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर, 25 अप्रैल: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पखवाड़ा के अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, जमशेदपुर महानगर ने शुक्रवार को शीतला भवन, भालूबासा में एक संवेदनशील विचार गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए नागरिकों के सम्मान में दो मिनट मौन रखने से हुई।

मोर्चा के जिला अध्यक्ष परेश मुखी ने स्वागत संबोधन में कहा कि बाबा साहेब के समग्र दर्शन—सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की लड़ाई—आज भी हमारे लोकतंत्र की रीढ़ हैं। गोष्ठी का विषय-प्रवेश भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने किया तथा दीप प्रज्वलन व तस्वीरों पर माल्यार्पण कर विधिवत उद्घाटन किया गया।



मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने संबोधन में बताया कि डॉ. अंबेडकर सिर्फ संविधान निर्माता ही नहीं, वरन् सामाजिक समरसता एवं सशक्त लोकतंत्र के अग्रणी पुरोधा थे। उन्होंने स्मरण कराया कि वर्तमान भाजपा सरकार ने बाबा साहेब को भारत रत्न से सम्मानित करने के साथ-साथ उनकी दीक्षा भूमि पर संग्रहालय का निर्माण और जयंती पर राजकीय अवकाश की भी घोषणा की है।

कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री संजीव सिंह, प्रदेश प्रवक्ता नवल पासवान, अमरेंद्र पासवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीलू मछुआ व महामंत्री पी. के. करवा ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर समापन किया। इस अवसर पर किसान मोर्चा, महिला मोर्चा व स्थानीय बस्तियों के दर्जनों प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.