Seraikela : सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांझी टोला में 1 जून को हुए गोलीकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए इसमें शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस गोलीकांड में घायल अपराधी दीपांकर भुइयां पर यह हमला आपसी रंजिश का परिणाम था।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अपराधियों में कुख्यात सुभाष प्रामाणिक का बेटा मोहित प्रामाणिक, सुजल अधिकारी, रोहित देशपांडे और जिसु गोप शामिल हैं। मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घायल दीपांकर भुइयां पूर्व में मोहित के पिता सुभाष प्रामाणिक पर गोली चलाने के मामले में शामिल रहा है। इसी का बदला लेने के लिए मोहित ने अपने साथियों संग मिलकर दीपांकर पर हमला किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था। इस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर चारों आरोपियों को एक लोडेड पिस्टल, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में से रोहित देशपांडे का आपराधिक इतिहास पहले से है। सभी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। घटना में घायल दीपांकर भुइयां के पैर में गोली लगी है और उसका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में जारी है।









