पंचायत समिति सदस्यों ने उपायुक्त से मुलाकात कर विभागीय उदासीनता पर जताया रोष, सौंपा मांग पत्र – कार्रवाई नहीं हुई तो देंगे धरना

SHARE:


जमशेदपुर से रणवीर मौर्य की रिपोर्ट

जमशेदपुर, 6 जून 2025 – पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और पंचायत समिति सदस्यों के बीच एक अहम मोड़ पर बातचीत उस समय देखने को मिली जब पंचायत समिति सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने नवपदस्थापित उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया, और साथ ही जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर तीखी नाराजगी भी दर्ज कराई।



पंचायत समिति सदस्य संघ एवं जमशेदपुर प्रखंड के संयुक्त तत्वावधान में यह मुलाकात सिर्फ औपचारिक नहीं रही, बल्कि इसमें ठोस मांगों और जनप्रतिनिधियों के आक्रोश की झलक भी दिखाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को एक गंभीर मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि जमशेदपुर समेत जिले के 11 प्रखंडों में सामान्य प्रशासन समिति की मासिक बैठकों को विभागीय पदाधिकारी लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं।

विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई कड़ी आपत्ति

मांग पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया कि पिछले तीन वर्षों से अधिकांश मासिक बैठकों में विभागीय अधिकारी नदारद रहते हैं। कुछ अधिकारी अगर आते भी हैं, तो जनप्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए सवालों का आधा-अधूरा जवाब देकर सिर्फ औपचारिकता निभा जाते हैं। इससे पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका प्रभावित हो रही है और जनसरोकार के मुद्दों पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल रहा है।

16 मई को भी सौंपा गया था मांग पत्र, अब तक नहीं हुई कोई कार्रवाई

पंचायत समिति सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पूर्व 16 मई को उपायुक्त को सौंपे गए मांग पत्र पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पंचायत प्रतिनिधियों में आक्रोश बढ़ा है और उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुधार नहीं हुआ तो वे प्रखंड विकास कार्यालय के सामने धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।

उपायुक्त ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आगामी मासिक बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा,

> “जनता द्वारा चुने गए पंचायत प्रतिनिधियों के हर सवाल का जवाब देना विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है। प्रशासन और पंचायत के बीच समन्वय जरूरी है ताकि जमीनी स्तर पर विकास और सुशासन की भावना को बल मिले।”



उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जो अधिकारी बैठक में बिना किसी ठोस कारण के अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों की जोरदार मौजूदगी, प्रखंडों से जुटे पंचायत समिति सदस्य

इस शिष्टाचार भेंट और मांग पत्र सौंपने के मौके पर जमशेदपुर प्रखंड के प्रमुख पानी सोरेन, उप प्रमुख शिव कुमार हॉसदा, पंचायत समिति संघ के अध्यक्ष सतबीर सिंह बग्गा, पोटका से मंजू सरदार, सरस्वती, सीताराम हॉसदा, मुसाबनी से फुलमुनी मुर्मू, हरी नारायण, डुमरिया से फुलमनी हेंब्रम, जमशेदपुर से किशोर सिंह, रैना पूर्ति, सुनील गुप्ता, सुशील कुमार, सोनिया भूमिज, जैस्मिन गुड़िया, आरती करूवा, रुक्मिणी टुडू, संगीता पात्रों, रवि कुरली, श्वेता जैन, द्रौपदी मुंडा, लक्ष्मी बोदरा, नारायण बेसरा, दीपू सिंह भूमिज, पंकज महतो, मुखिया बसंती गुप्ता, नीनु कुदादा समेत दर्जनों पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

  

Leave a Comment