जमशेदपुर : केरूवाडूंगरी पंचायत के भीतरदाढ़ी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय से पंचायत स्तरीय माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। इस अभियान का शुभारंभ पंचायत के मुखिया कान्हु मुर्मू ने किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों के बीच माहवारी स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अभियान को सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन संचालित कर रही है, जिसके संस्थापक तरुण कुमार हैं, जिन्हें “झारखंड का पैडमैन” के नाम से भी जाना जाता है। तरुण कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और अभिभावकों को माहवारी स्वच्छता, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित किशोरियों और महिलाओं को प्रोजेक्ट बाला के तहत रीयूजेबल सैनिटरी पैड का उपहार भी दिया गया, जिसे पाकर सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे।

अगले एक माह में केरूवाडूंगरी पंचायत के केरुआ, धोडांगा, आहरघुटू, बंदुहुडांग, बड़ा तालसा, छोटा तालसा, तुरामडीह, भूरीडीह, भीतरदाड़ी, बाहरदाड़ी, हाकेगोडा और चांगिरा गांवों के विभिन्न टोलों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को माहवारी स्वच्छता, महिला स्वास्थ्य और बच्चों के अधिकारों से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश, शिक्षक गजेन्द्र हेंब्रम, जल सहिया मंजू महतो, वार्ड सदस्य चंपा सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। मुख्य कार्यक्रम के बाद चांगिरा गांव में भी एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किशोरियों और महिलाओं ने भाग लिया। यह अभियान पंचायत क्षेत्र में महिला स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।









