आदित्यपुर में प्रतिबंधित मांस के संदेह में युवक गिरफ्तार, भीड़ ने की पिटाई
तेज रफ्तार ऑटो पलटने के बाद वाहन से बरामद हुआ संदिग्ध मांस, एफएसएल जांच के लिए भेजा गया

Share करें

✓ Link copy हो गया!



आदित्यपुर, सरायकेला: शनिवार दोपहर आदित्यपुर-गम्हरिया मुख्य मार्ग पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब मंगलम सिटी के समीप एक तेज रफ्तार ऑटो पलट गया। ऑटो में सवार तीन युवक प्रतिबंधित मांस की कथित तस्करी कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। दो अन्य युवक मौके से फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो काफी तेज रफ्तार में था और एक कार को ओवरटेक करते ही असंतुलित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें प्रतिबंधित मांस होने का संदेह जताया गया। सड़क पर मांस के कुछ टुकड़े गिरे देख लोगों में आक्रोश फैल गया।



एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा भी हिरासत में

स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जिसकी पहचान जुगसलाई निवासी अमन के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह आरआईटी मोड़ के पास एक कंपनी में काम करता है। भीड़ ने एक अन्य संदिग्ध युवक को भी पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस कर रही जांच

आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि प्रतिबंधित मांस की बरामदगी के संदेह में कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। बरामद मांस को एफएसएल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पूछे जाने पर पुलिस ने मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों को साझा करने से फिलहाल इनकार कर दिया।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंधित मांस की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.