Jamshedpur:ओमड़ा कैथोलिक चैरिटीज, जमशेदपुर द्वारा आयोजित वार्षिक युवा जमघट दिवस समारोह रविवार को सेंट लुईस हेल्थ सेंटर, ओमड़ा में ऊर्जा और उत्साह से भरपूर माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर–किशोरियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, सामाजिक मुद्दों की समझ बढ़ाना और युवाओं को सकारात्मक दिशा देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख दिलबर खाखा, विशिष्ट अतिथि मुखिया श्रीमती स्नेहा टोपनो एवं जिला परिषद सदस्य विजय भेंगरा रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान कैथोलिक चैरिटीज के निदेशक फादर बिरेंद्र टेटे एवं सहायक निदेशक फादर नवीन भी उपस्थित थे।
अपने संबोधन में प्रखंड प्रमुख दिलबर खाखा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा—
“युवा जमघट भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने का सशक्त मंच है। आज किशोर–किशोरियों को शिक्षा के प्रति संकल्पित होना होगा, तभी वे अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकेंगे।”
कार्यक्रम में बाल विवाह, बाल श्रम, शिक्षा का अधिकार, नशा उन्मूलन और लैंगिक समानता जैसे संवेदनशील मुद्दों पर नृत्य–नाट्य, समूह-गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए प्रभावी संदेश दिया गया।
मंच संचालन और गतिविधियों में मुकुदर माझी, कृष्णा चिंक बड़ाईक, सिस्टर बेनेडिक्टा, सिस्टर माधुरी और सिस्टर बर्था समेत बड़ी संख्या में किशोर–किशोरियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम दिनभर उत्साह, विचार–विमर्श और रचनात्मक सहभागिता से भरा रहा, जिसने क्षेत्र के युवाओं में नई चेतना का संचार किया।









