जमशेदपुर में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

SHARE:

जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागुनहातु रोड नंबर पांच निवासी मंतोष दत्ता के 20 वर्षीय पुत्र सोमेन दत्ता का शव सोमवार सुबह रोड नंबर छह के समीप संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के पिता मंतोष दत्ता ने बताया कि सोमेन रविवार रात लगभग 11:30 बजे बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया था। सुबह स्थानीय लोगों ने सूचित किया कि रोड नंबर 6 के पास एक युवक का शव पड़ा है, जो बाद में सोमेन के रूप में पहचान में आया।

मृतक के शव की स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है। पिता ने बताया कि शव मिलने पर सोमेन के नाक से खून बह रहा था और मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे संदेह और भी गहरा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि एक सप्ताह पहले सोमेन की कुछ दोस्तों से मारपीट हुई थी और आशंका जताई कि उसी घटना से यह मौत जुड़ी हो सकती है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मृतक के दोस्तों व अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के कारणों पर स्पष्टता आएगी। स्थानी  लोग और मृतक के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

Leave a Comment