सांस्कृतिक मूल्यों, मातृत्व और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक अनूठी पहल
जमशेदपुर, 5 जून:
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा “एक पेड़ मां के नाम“ विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन बाराद्वारी सेवा केंद्र, साकची में किया गया। यह कार्यक्रम मातृत्व, प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं और समाजसेवियों ने भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत बाराद्वारी प्रभारी कोमल दीदी द्वारा वृक्षारोपण की प्रतिज्ञा के साथ हुई। इस अवसर पर सुधा दीदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “भारतीय संस्कृति में धरती को मां का दर्जा प्राप्त है। जब हम एक पेड़ लगाते हैं, तो हम केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि संस्कृति, कर्तव्य और भविष्य को भी सींचते हैं। यह अभियान मातृत्व और प्रकृति दोनों को सम्मान देने का माध्यम है।”

ब्रह्माकुमारी संस्थान की वैश्विक भूमिका
ब्रह्माकुमारी संस्थान पिछले 87 वर्षों से विश्व के 190 देशों में आध्यात्मिक जागृति, व्यक्तिगत परिवर्तन और विश्व नवनिर्माण की दिशा में कार्यरत है। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) द्वारा 2014 से ब्रह्माकुमारी संस्थान को एक पर्यवेक्षक NGO के रूप में मान्यता प्राप्त है। इसी के अंतर्गत राजयोगा एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन का कृषि एवं ग्राम विकास विभाग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।1995 से यह विभाग हर वर्ष पर्यावरण संरक्षण, पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण एवं जनजागरूकता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अनेक कार्यक्रमआयोजित करता आ रहा है।
“एक पेड़ मां के नाम”: कार्यक्रम की थीम
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “एक पेड़ मां के नाम” रही, जिसमें मातृत्व शक्ति और प्रकृति के बीच के गहरे संबंध को रेखांकित किया गया। दीदी ने कहा, “मां जीवन देती है और पेड़ जीवन को संजोते हैं। यह पहल एक प्रेम, आदर और निष्ठा का प्रतीक है, जो मातृत्व और धरती मां के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है।”कार्यक्रम में विशेष रूप से महिलाओं द्वारा पौधारोपण किया गया, जिससे यह अभियान मातृशक्ति को समर्पित एक सशक्त संदेश बन गया। यह पहल देशभर की महिलाओं को हरियाली युक्त भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करेगी।

मुख्य अतिथि और सहभागिता
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अशोक फैंसी स्टोर साकची के अशोक जी और अरुण जी उपस्थित रहे। उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए अपने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस आयोजन में कई स्थानीय सेवाभावी भाई-बहनों ने भी सक्रिय सहयोग दिया, जिनमें प्रमुख रूप से:
- भाईगण: प्रफुल्ल भाई, मुन्ना भाई, कलाकांत भाई, बजरंगी भाई, हैप्पी भाई, मिथिलेश भाई, विवेक
- बहनें: सावित्री बहन, अमिता बहन, माधुरी बहन, मीना बहन, निवेदिता बहन, संध्या बहन, अहिल्या बहन, बबीता बहन, मधु बहन आदि शामिल रहीं।
संदेश:
कार्यक्रम के अंत में सभी को इस संकल्प के साथ प्रेरित किया गया:
“आइए, एक कदम बढ़ाइए और एक पेड़ मां के नाम लगाइए।”
“भारत को हरा-भरा बनाना है, एक पेड़ मां के नाम लगाना है।”

