जमशेदपुर, 7 मई 2025: गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें थाने के पूर्व प्रभारी अशोक कुमार पर एक महिला के साथ मारपीट और थाना से जुड़ी दलाल कांता देवी द्वारा रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता गंगा देवी ने समाजसेवियों और मुखिया के साथ मिलकर एसएसपी जमशेदपुर को लिखित शिकायत दी है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

गंगा देवी ने बताया कि 21 अप्रैल को उनकी बेटी नीतू कुमारी लापता हो गई थी, जिसकी सूचना देने वे गोविंदपुर थाना पहुंचीं। लेकिन थाना प्रभारी द्वारा न केवल आवेदन लेने से इनकार किया गया, बल्कि पुलिस पदाधिकारियों ने उनके साथ मारपीट भी की। उन्होंने मारपीट का मेडिकल रिपोर्ट भी एसएसपी को सौंपा है।

गंगा देवी का आरोप है कि थाना की दलाल कांता देवी ने उनकी बेटी को वापस लाने के एवज में 60,000 से 80,000 रुपये की मांग की, जिसकी मोबाइल रिकॉर्डिंग भी एसएसपी को दी गई है।
इस मामले को लेकर गंगा देवी ने मुखिया सोनिका सरदार, सामाजिक कार्यकर्ता पिंकी सिंह, संगीता कुमारी, जूली देवी, पुष्पा देवी सहित कई लोगों के साथ मिलकर एसपी ऑफिस में आवेदन सौंपा।

सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष व मजदूर नेता राजेश सामंत ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा, “हिंदुस्तान एक महिला-सम्मानित देश है, और यदि पुलिस पदाधिकारी ही महिलाओं के साथ अमानवीय व्यवहार करें तो यह अत्यंत शर्मनाक है। थाना से जुड़े दलालों द्वारा पैसे की मांग भी गहन जांच का विषय है।” उन्होंने मुख्यमंत्री से भी इस मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।










