विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप, पीड़िता ने वरीय पुलिस अधीक्षक से की न्याय की मांग

SHARE:

जमशेदपुर। शहर के बारीडीह क्षेत्र की एक युवती ने विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण और भावनात्मक धोखे का गंभीर आरोप लगाते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार को सामाजिक सेवा संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता के साथ वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।



प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पिंकी सिंह ने किया। उन्होंने पीड़िता के साथ हुई घटना को गंभीर बताते हुए इसकी निष्पक्ष न्यायिक जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। युवती का आरोप है कि बागुननगर निवासी अंश प्रसाद ने उससे विवाह का वादा कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से मुकर गया।



जब पीड़िता ने अंश प्रसाद की मां सुषमा देवी से इस विषय में बात की, तो उन्होंने बेटे का समर्थन करते हुए युवती को दूरी बनाए रखने और संपर्क समाप्त करने की सलाह दी। पीड़िता के अनुसार, उसने पूर्व में सिदगोड़ा थाना में भी लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।



युवती ने कहा कि यह केवल भावनात्मक धोखा नहीं है, बल्कि महिलाओं की गरिमा और आत्मसम्मान पर सीधी चोट है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंश प्रसाद और उसकी मां ने मिलकर उसे मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया है, और अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।



पीड़िता ने वरीय पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत विवाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण और मानसिक उत्पीड़न के आरोप में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई और महिला इस प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार न हो।



मौके पर सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार सामंत, मुखिया सोनका संगीता कुमारी, पुनीत कुमार सिंह, छोटे सरदार समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment