साकची के सबल सेंटर में डायन प्रथा के खिलाफ जागरूकता अभियान

SHARE:

Jamshedpur : सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर साकची स्थित सबल सेंटर में जिला स्वास्थ्य समिति, पूर्वी सिंहभूम के सौजन्य से शहरी साहियाओं के बीच डायन प्रथा उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में फैले अंधविश्वास और महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा को रोकने के लिए जागरूकता फैलाना था।

जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि प्राचीन मान्यताओं के कारण आज भी कई क्षेत्रों में यह धारणा प्रचलित है कि तथाकथित डायन अलौकिक शक्तियों से लोगों को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि कई बार संपत्ति विवाद, पारिवारिक झगड़े या व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण महिलाओं पर डायन होने का आरोप लगाया जाता है। विशेष रूप से विधवा या अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर सामाजिक बहिष्कार या संपत्ति हड़पने के लिए प्रताड़ित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों में जादू-टोना से जुड़े विश्वासों का गहरा प्रभाव है। कई मामलों में ओझा या तांत्रिकों द्वारा किसी महिला को डायन घोषित कर दिया जाता है, जिससे सामाजिक हिंसा को बढ़ावा मिलता है।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने कहा कि डायन प्रथा एक गंभीर सामाजिक कुरीति और हिंसा का रूप है। इसे समाप्त करने के लिए जागरूकता, वैज्ञानिक सोच और शिक्षा का प्रसार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि झारखंड में इस कुप्रथा को रोकने के लिए वर्ष 2001 में Jharkhand Witchcraft Prevention Act लागू किया गया, जिसके तहत दोषियों के लिए कठोर सजा, आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के अभाव के कारण यह कुरीति अब भी पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाई है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और समाज के सभी वर्गों को मिलकर इस दिशा में काम करना होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. राजीव लोचन महतो ने सभी से अपील की कि डायन प्रथा के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने और पीड़ित महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाए।

अभियान को सफल बनाने में अर्बन बीटीटी सुमी हांसदा, अमरेश मिश्रा, टेनिक महतो और त्रिलोचन जी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में शहरी साहियाओं को समाज में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

Leave a Comment