
FOLLOW US:
SHARE:
Jamshedpur : जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने झारखंड विधानसभा में प्रस्तुत तृतीय अनुपूरक बजट का स्वागत करते हुए राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री Deepika Pandey Singh के प्रति आभार व्यक्त किया है।
डॉ. सिंह ने कहा कि मंत्री की दूरदर्शी सोच और प्रभावी नेतृत्व का परिणाम है कि इस बजट में ग्रामीण विकास के लिए 6,450 करोड़ रुपये की बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए “संजीवनी” करार दिया।
पंचायती राज का सुदृढ़ीकरण:
पहली बार राज्य वित्त आयोग (SFC) की अनुशंसा पर पंचायतों को 605 करोड़ रुपये (कुल 658 करोड़ रुपये) का प्रावधान किया गया है। डॉ. सिंह के अनुसार इससे पंचायतें आर्थिक रूप से अधिक सक्षम होंगी और विकास योजनाओं पर निर्णय ग्राम सभाओं के माध्यम से लिए जा सकेंगे।
ग्रामीण सड़कों का विस्तार:
ग्रामीण कार्य विभाग को 1,717.58 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस राशि से दूरस्थ गांवों तक सड़कों और पुलों का निर्माण संभव होगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच सुलभ होगी।
गरीब कल्याण एवं महिला सशक्तिकरण:
ग्रामीण विकास विभाग को 594.88 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इससे स्वयं सहायता समूह (SHG) और आजीविका मिशन को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकेंगे।
डॉ. परितोष सिंह ने कहा, “यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि झारखंड के गांवों को स्वर्णिम विकास की ओर ले जाने का संकल्प है। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने यह साबित किया है कि उनकी प्राथमिकता में समाज का अंतिम व्यक्ति और ग्रामीण क्षेत्र हैं।”
उन्होंने अंत में कहा कि यह ऐतिहासिक पहल पंचायतों को परिवर्तन की धुरी के रूप में स्थापित करेगी और ग्रामीण समाज को सशक्त बनाएगी।