जुगसलाई में पानी का गहराया संकट, टंकी की छत गिरने से बढ़ी परेशानी

SHARE:

Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के एम. ई. स्कूल रोड स्थित पानी की टंकी की छत गिरने के बाद इलाके में पेयजल संकट गहरा गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष Hidayatullah Khan ने पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

अपने पत्र में Hidayatullah Khan ने बताया कि कुछ दिन पूर्व टंकी की छत अचानक गिर गई, जिससे क्षेत्र के लोगों को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह टंकी कम समय में ही क्षतिग्रस्त हो जाना निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि स्थानीय लोगों के लिए तुरंत वैकल्पिक जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिसमें बोरिंग, मोटर और टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए।

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने यह भी कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए स्थायी समाधान के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाना जरूरी है।

इधर स्थानीय निवासियों ने भी स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि पानी की कमी से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और टंकी की जर्जर हालत के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी हुई है।

Hidayatullah Khan ने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है और उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा।

Leave a Comment