Manoharpur : सारंडा विकास समिति, जामकुडिया-दुईया की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को दुईया पंचायत भवन में सारंडा पीढ़ के मानकी लागुड़ा देवगम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में रांजाबुरु स्थित बीएसएल-सेल की गुवा लौह अयस्क खदान के संचालन को लेकर ग्रामीणों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
ग्रामीणों का आरोप है कि खदान संचालन में स्थानीय लोगों और बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है, बल्कि बाहरी मजदूरों से काम कराया जा रहा है। साथ ही पेसा कानून के प्रावधानों के तहत ग्राम सभा की अनुमति के बिना खनन कार्य शुरू किए जाने पर भी आपत्ति जताई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो 23 फरवरी से रांजाबुरु खदान को अनिश्चितकालीन बंद कर दिया जाएगा।
बैठक में क्षेत्र के मानकी-मुंडा, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि स्थानीय हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।









