MGM Hospital : विकास सिंह ने की मांग : साकची से मानगो एमजीएम अस्पताल तक सरकार शुरू करे निःशुल्क बस सेवा

SHARE:

Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल के पुराने साकची परिसर से नवनिर्मित मानगो स्थित एमजीएम अस्पताल तक मरीजों को आवागमन में हो रही भारी परेशानी को लेकर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने झारखंड सरकार से निःशुल्क बस सेवा की मांग की है। उन्होंने इस विषय पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजा है।



पत्र में विकास सिंह ने सुझाव दिया है कि जिस तरह सीएमसी वेल्लोर की नई शाखा रानीपेट में मरीजों के लिए हर 5 मिनट पर निःशुल्क बस चलती है, उसी मॉडल पर जमशेदपुर में भी सेवा शुरू की जाए।



मरीजों की दौड़ से बेहाल गरीब परिवार

विकास सिंह ने बताया कि एमजीएम अस्पताल का संचालन इस समय दो हिस्सों में हो रहा है — ओपीडी सेवाओं का एक हिस्सा मानगो के नए भवन में, जबकि महत्वपूर्ण जांच और मेड़ोल सेवा अब भी साकची परिसर में ही है। ऐसे में मरीजों को साकची से मानगो और फिर वापस साकची भेजा जा रहा है। इससे गरीब मरीजों का समय, पैसा और शारीरिक श्रम तीनों की बर्बादी हो रही है।

> “कई मरीजों को तो यह भी नहीं पता कि नया अस्पताल कहाँ है। ऐसे में डॉक्टर उन्हें मानगो भेजते हैं और फिर वहां से जांच के लिए साकची लौटना पड़ता है। इसका सीधा लाभ निजी वाहनों को मिल रहा है जो मनमाना किराया वसूलते हैं।” – विकास सिंह


अगर सरकार नहीं मानेगी तो जन सहयोग से सेवा शुरू करेंगे

विकास सिंह ने पत्र में चेताया है कि यदि स्वास्थ्य विभाग समय रहते निःशुल्क बस सेवा शुरू नहीं करता, तो वे जमशेदपुर के सक्षम और संवेदनशील नागरिकों के सहयोग से यह सेवा जन-भागीदारी से शुरू करने की पहल करेंगे।

Leave a Comment