Jamshedpur:लगातार बढ़ती ठंड और कड़ाके की शीतलहर के बीच जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शुक्रवार को बर्मामाइंस के कई क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने हरिजन बस्ती, वीर बिरसागढ़ और चूना भट्टा क्षेत्र में जाकर सैकड़ों लोगों को कंबल प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ठंड और शीतलहर गरीब और असहाय लोगों के लिए बड़ी चुनौती होती है। “हमारा प्रयास है कि इस कड़ाके की ठंड में कोई भी व्यक्ति असहाय या असुरक्षित महसूस न करे।”
विधायक ने आगे कहा कि जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाने का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और लोगों से ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की भी अपील की।
इस मौके पर भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा सहित पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। लोगों ने विधायक की इस मानवीय पहल की सराहना की और इसे राहत कार्य की बड़ी मिसाल बताया।









