Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा कि अब समय आ गया है जब लोग वेद का अध्ययन और अनुशीलन कर हमारे ऋषि-मुनियों की परंपरा को आगे बढ़ाएं। वे साकची स्थित स्वर्णरेखा नदी के तट पर नगर विकास विभाग के मद से निर्मित वेद अध्ययन अनुशीलन शेड के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि वेदों में क्या लिखा है, सनातन क्या है और हमारी संस्कृति की मूल जड़ें क्या हैं—इन बातों पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए। धर्मरक्षिणी पौरोहित्य महासंघ के विद्वान यहां आने वालों को वेद अध्ययन और अनुशीलन की शिक्षा देंगे।
श्री राय ने कहा कि वेद अनुशीलन केंद्र के माध्यम से सनातन धर्म और संस्कृति के बारे में अधिकाधिक प्रचार-प्रसार हो, ताकि लोग यहां आकर परंपरा को जानें, समझें और अध्ययन करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र की व्यवस्थागत आवश्यकताओं में वे पूरा सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर धर्मरक्षिणी पौरोहित्य महासंघ के अध्यक्ष बिपीन झा, सचिव उमेश कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष सुधीर झा, विवेक पांडेय, राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ झुन्ना, धर्मेंद्र प्रसाद, सत्येंद्र पांडेय, राज सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।









