Adityapur : सरायकेला के माजना घाट स्थित पंचमुखी शिव मंदिर परिसर में रविवार को उत्कलीय पुरोहित समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष घासीराम सतपति ने की।
बैठक में क्षेत्रीय भाषा ओड़िया एवं शास्त्रीय भाषा संस्कृत के संरक्षण और संवर्धन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष घासीराम सतपति ने बताया कि सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि उत्कलीय पुरोहित समाज इन दोनों भाषाओं के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
समाज के सदस्यों द्वारा बच्चों को निःशुल्क ओड़िया और संस्कृत भाषा की बुनियादी शिक्षा प्रदान की जाएगी। इस अभियान में सभी वर्गों के इच्छुक बालक-बालिकाओं को शामिल किया जाएगा, जो इन भाषाओं को सीखना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल शिक्षा दान के लिए स्थल का चयन नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही स्थान निर्धारित कर इसकी घोषणा कर दी जाएगी। ओड़िया एवं संस्कृत की शिक्षा ग्रहण करने के इच्छुक बच्चों के अभिभावक घासीराम सतपति एवं नीलकंठ षड़ंगी से संपर्क कर नामांकन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
बैठक में पुलक सतपति, घासी रथ, किशोर षड़ंगी, हेरंबो महापात्र, पिंटू सतपति समेत पुरोहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित थे।








