गंगा बेसिन क्षेत्र में 62 शहरों के लिए बनेगा अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान, झारखंड के 5 शहर प्रथम चरण में शामिल

SHARE:

Jamshedpur : झारखंड सरकार ने विधानसभा में जानकारी दी है कि नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (NMCG) द्वारा गंगा नदी एवं उसके बेसिन क्षेत्र में स्थित पांच राज्यों के 62 शहरों के लिए अर्बन रिवर मैनेजमेंट प्लान (URMP) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह योजना गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, पुनरुद्धार, स्थायी प्रबंधन और सतत विकास को केंद्र में रखकर बनाई जा रही है।

सरकार ने बताया कि आगामी दो वर्षों में इन सभी शहरों का URMP तैयार कर लिया जाएगा। पहले चरण में झारखंड के रांची, धनबाद, चास, आदित्यपुर और साहेबगंज/राजमहल को शामिल किया गया है।


सरयू राय के सवाल पर सरकार ने दी जानकारी

गुरुवार को विधानसभा में जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने सरकार से आग्रह किया था कि

स्वर्णरेखा और खरकई नदी तट पर बसे रांची और जमशेदपुर के लिए नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा द्वारा तैयार की गई योजनाओं को सार्वजनिक किया जाए,

और इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।


सरकार ने उनके अभिस्ताव के जवाब में बताया कि URMP तैयार करने का काम नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA), नई दिल्ली और उनके नॉलेज पार्टनर अल्लुवीयम इंडिया को सौंपा गया है।


झारखंड के 14 शहरों के लिए चरणबद्ध रूप से बनेगा मास्टर प्लान

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि झारखंड के 14 शहर, जो पहले से ही रिवर सिटी एलायंस के सदस्य हैं, उनके लिए भी अर्बन रिवर मैनेजमेंट मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इनमें शामिल हैं—
रांची, धनबाद, देवघर, आदित्यपुर, चास, मेदिनीनगर, मानगो, गिरिडीह, जमशेदपुर अक्षेस, साहेबगंज, राजमहल, जुगसलाई, फुसरो और चिरकुंडा। इनमें से पहले चरण में रांची, धनबाद, आदित्यपुर, चास और साहेबगंज/राजमहल के प्लान पर काम तेजी से चल रहा है।

Leave a Comment