आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम में केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव महावीर प्रसाद का व्यापक निरीक्षण, शिक्षा-स्वास्थ्य-पोषण कार्यों की समीक्षा

SHARE:

Jamshedpur : भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम के केन्द्रीय प्रभारी श्री महावीर प्रसाद ने अपने तीन दिवसीय जिला दौरे के दूसरे दिन शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में संचालित योजनाओं और संस्थानों का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मॉडल वैक्सीनेशन सेंटर, विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला सुनील चंद्र, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, बीडीओ-सीओ मुसाबनी पवन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मॉडल वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण

संयुक्त सचिव ने साक्ची जेल चौक स्थित मॉडल वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण कर टीकाकरण की प्रक्रिया, सेवाओं की गुणवत्ता, उपयोगिता और लाभार्थियों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने टीकाकरण सेवाओं को और अधिक सुलभ व प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।



मिशन उत्थान: छात्राओं से संवाद, इंटर्नशिप प्रमाण पत्र वितरण

महिला विश्वविद्यालय, बिष्टुपुर में श्री महावीर प्रसाद ने मिशन उत्थान के तहत पीवीटीजी सबर समुदाय पर किए गए सर्वे को लेकर छात्राओं से संवाद किया और उनके अनुभव सुने। इस अवसर पर सर्वे में शामिल 99 छात्राओं को इंटर्नशिप प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जिला प्रशासन की ओर से पिरामल फाउंडेशन के डिस्ट्रिक्ट लीड अभिषेक कुमार ने सर्वे की प्रस्तुति दी। बताया गया कि जिले के सभी 11 प्रखंडों के लगभग 4000 सबर परिवारों तक पहुंच बनाते हुए 11,576 लोगों को सर्वे में शामिल किया गया। आवास, शौचालय, सड़क, पेंशन, राशन सहित बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि बेसलाइन सर्वे के आधार पर सभी बीडीओ को तीन माह में लक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद मिडलाइन और एंडलाइन सर्वे भी किए जाएंगे।



मुसाबनी प्रखंड में स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा का निरीक्षण

संयुक्त सचिव ने आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी के माटिगोड़ा पंचायत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों के टीकाकरण और फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की जानकारी ली। वहीं मेड़िया पंचायत के नामोपाड़ा गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के अन्नप्राशन और महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होकर पोषण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने पोषण से जुड़े सात प्रमुख संकेतकों, कुपोषित बच्चों की पहचान, उपचार, फॉलो-अप और समग्र देखभाल व्यवस्था की समीक्षा की।

पश्चिमी बादिया पंचायत स्थित शिवलाल प्रोजेक्ट हाई स्कूल में उन्होंने खेल और पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। स्कूल की प्रयोगशाला का निरीक्षण किया और शिक्षकों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सुधार, ड्रॉप-आउट दर और उच्च कक्षाओं में संक्रमण की स्थिति पर संवाद किया।

संयुक्त सचिव ने बेहतर प्रशासनिक कार्यान्वयन, सेवा प्रदायगी में तेजी, समुदाय आधारित सहभागिता और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है।

Leave a Comment