
FOLLOW US:
SHARE:
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के अति नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल में शनिवार को सुरक्षाबलों के सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट हो गया। इस घटना में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन-209 के दो जवान घायल हो गए।
घटना Chotanagra थाना क्षेत्र अंतर्गत चडरीडेरा गांव के समीप हुई। बताया जा रहा है कि भाकपा-माओवादी संगठन के खिलाफ जिला पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक Amit Renu ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट में हवलदार विनोद कुमार का बायां पैर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि एक अन्य जवान को हल्की चोटें आई हैं। दोनों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए नुआंमुडी अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। हाल के दिनों में सुरक्षाबलों को क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं, जिसके बाद नक्सलियों द्वारा जगह-जगह आईईडी लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बिना आवश्यक कारण जंगल के अंदर न जाएं और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुरक्षाबलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।