Jamshedpur : टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) स्पोर्ट क्लाइंबिंग एकेडमी के युवा पर्वतारोहियों ने पुणे में 1 से 4 नवंबर तक आयोजित इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ स्पोर्ट क्लाइंबिंग (IFSC) एशियन किड्स स्पोर्ट क्लाइंबिंग चैम्पियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता दो आयु वर्गों — अंडर-13 और अंडर-15 — में आयोजित की गई, जिसमें स्पोर्ट क्लाइंबिंग की तीनों विधाओं — लीड, स्पीड और बोल्डर — में मुकाबले हुए।
इस चैम्पियनशिप में कुल 13 देशों — भारत, दक्षिण कोरिया, हांगकांग चीन, जापान, थाईलैंड, जॉर्डन, मलेशिया, कज़ाखस्तान, फिलीपींस, ईरान, किर्गिस्तान, सिंगापुर और चीन — के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
टीएसएएफ स्पोर्ट क्लाइंबिंग एकेडमी के 12 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।
पदक विजेता खिलाड़ी:
यूथ सी स्पीड (बालक वर्ग)
🥇 सुदर्शन मुर्मू — स्वर्ण पदक
यूथ डी स्पीड (बालक वर्ग)
🥇 आकाश सोरेन — स्वर्ण पदक
🥈 शंकर सिंह कुंटिया — रजत पदक
🥉 मोरा बिरुली — कांस्य पदक
यूथ डी स्पीड (बालिका वर्ग)
🥈 मनीषा हांसदा — रजत पदक
यूथ डी बोल्डर (बालक वर्ग)
🥈 शंकर सिंह कुंटिया — रजत पदक
टीएसएएफ टीम के साथ तकनीकी निदेशक सुनक्यो जिन और प्रशिक्षक विकाश व नेहा भी मौजूद थे, जिन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया।
टीएसएएफ हेड हेमंत गुप्ता ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा हमारे युवा खिलाड़ियों ने अद्भुत जोश और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में छह पदक जीतना उनके कठिन परिश्रम और टीएसएएफ में दी जा रही उत्कृष्ट प्रशिक्षण की गुणवत्ता का प्रमाण है। उन्होंने एशियाई मंच पर भारत का नाम गौरवान्वित किया है।
टीएसएएफ ने 2022 और 2023 में जमशेदपुर में आईएफएससी एशियन किड्स चैम्पियनशिप की मेजबानी कर भारत में स्पोर्ट क्लाइंबिंग को नई ऊंचाइयां दी हैं। यह सफलता एक बार फिर साबित करती है कि टीएसएएफ देश में स्पोर्ट क्लाइंबिंग के भविष्य को सशक्त बनाने के अपने संकल्प पर मजबूती से अग्रसर है।









