चांडिल में आदिवासी महिलाओं का विरोध, BSIL/वनराज स्टील के वाहनों की आवाजाही रोकी

SHARE:

Adityapur : सरायकेला–खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लाखा स्थित बिहार स्पंज आयरन लिमिटेड (BSIL), जिसके वर्तमान संचालक वनराज स्टील हैं, के खिलाफ स्थानीय रैयतों—विशेषकर आदिवासी महिलाओं—ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिलाओं का कहना है कि कंपनी उनकी रैयती जमीन से होकर भारी वाहनों का परिचालन कर रही है, जबकि इसके लिए न तो उनकी अनुमति ली गई और न ही पूर्व में किसी प्रकार की सहमति या वार्ता की गई।

मानीकुई क्षेत्र की आदिवासी महिलाओं ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन मनमाने ढंग से उनकी निजी रैयती जमीन को सड़क मार्ग के रूप में उपयोग कर रहा है, जिससे जमीन को लगातार नुकसान पहुंच रहा है। इसी को लेकर सोमवार को आक्रोशित महिलाओं ने कंपनी तक आने–जाने वाले वाहनों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर रखकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे कंपनी के सभी वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।

स्थानीय महिला सुशीला बेसरा ने बताया कि BSIL/वनराज स्टील प्रबंधन उनकी जमीन पर बिना अनुमति गाड़ियां चला रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कंपनी उनकी जमीन का उपयोग करना चाहती है, तो इसके बदले स्थानीय लोगों को नौकरी दी जाए या प्रतिमाह उचित किराया दिया जाए। महिलाओं ने चेतावनी दी कि जब तक कंपनी प्रबंधन उनकी मांगों पर लिखित सहमति नहीं देता, तब तक किसी भी वाहन को उनकी जमीन से गुजरने नहीं दिया जाएगा।

आदिवासी महिलाओं का यह विरोध प्रदर्शन समाचार लिखे जाने तक जारी था। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि वे अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। क्षेत्र में स्थिति को देखते हुए प्रशासन की भूमिका पर भी सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Comment