साहिबगंज: उपायुक्त हेमंत सती व डीएसओ झुन्नू कुमार मिश्रा ने शनिवार को शोभनपुर भट्टा स्थित संगीता स्वयं सहायता समूह एवं लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के द्वारा संचालित राशन दुकानों का स्थलीय निरीक्षण किया। जहां निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने राशन डीलरों से राशन कार्ड डिलीटेशन की स्थिति तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अंतर्गत उड़ान पोर्टल से मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी ली। इस दौरान उपभोक्ताओं द्वारा बताया गया कि उज्ज्वला योजना अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी समय पर नहीं प्राप्त हो रही है जिस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित व्यक्तिगत शौचालयों का निरीक्षण किया तथा ठोस कचरा पृथक्करण केंद्र का भी अवलोकन किया और वहां की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारी व अन्य कर्मी मौजूद थे।









