पश्चिमी व पूर्वी रेलवे फाटक के समीप प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण कार्य को लेकर एलायमेंट की हुई मापी

SHARE:

ओवरब्रिज निर्माण कार्य को लेकर स्थल का निरीक्षण करते इंजीनियर की टीम

साहिबगंज: शहर में जाम से मुक्ति दिलाने को लेकर वर्षों से किए जा रहे ओवरब्रिज मांग की कवायद अब तेज हो गई है। जहां शनिवार को शहर के पश्चिमी व पूर्वी रेलवे फाटक के समीप प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण प्रक्रिया को लेकर गुजरात की कंसल्टेंसी कंपनी जिओ डिजाइन एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड, बड़ोदरा टीम के इंजीनियर, रेल स्टेशन मास्टर, टीआरडी विभाग सहित रेलवे के अन्य विभागों के साथ मिलकर पश्चिमी रेलवे फाटक और पूर्वी रेलवे फाटक के समीप ओवरब्रिज के लिए एलायमेंट तैयार करने का कार्य किया। इस दौरान टीम में शामिल इंजीनियरों ने विस्तार से रेलवे विद्युतीकरण तार की ऊंचाई, पटरी की लंबाई व चौड़ाई, रेलवे की प्रस्तावित फोर लाइन पटरी बिछाने का कार्य, नई रेलवे लाइन बिछाने का स्थल सहित विद्युतीकरण पोल व अन्य का गहन अध्ययन विभागीय अधिकारियों के साथ मिलकर किया। जहां शहर के पूर्वी रेलवे फाटक के समीप यह ओवरब्रिज सुभाष चौक व जिरवाबाड़ी की ओर जाकर मुख्य सड़क से मिलना प्रस्तावित है। वही पश्चिमी रेलवे फाटक के समीप ओवरब्रिज पटेल चौक से बादशाह चौक होते हुए गोराबाड़ी हटिया तक बनकर सदर प्रखंड कार्यालय स्थित मुख्य सड़क में मिलेगा। इस मौके पर रेलवे के अधिकारियों सहित बड़ोदरा की टीम ने बारीकी से गहन अध्ययन करके मापी करके रिपोर्ट ली। जहां 29 पीलर पर पूर्वी फाटक के समीप ओवरब्रिज निर्माण का अभी एलायमेंट तैयार हो रहा है। जबकि पश्चिमी रेलवे फाटक पर 17 पीलर के ऊपर ओवरब्रिज बनेगा जिससे शहरवासियों को रेलवे फाटक के समीप घंटों जाम में फंसने से निजात मिलेगी। उधर स्थल निरीक्षण के मौके पर टीम के सदस्यों ने बताया कि ओवरब्रिज का एलायमेंट बन रहा है जहां पश्चिमी रेलवे फाटक के समीप ओवरब्रिज का प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। वही पूर्वी रेलवे फाटक के समीप प्रस्तावित ओवरब्रिज का प्रशासनिक स्वीकृति मिलना बाकी है जहां यह सब कार्य होने के बाद टेंडर प्रक्रिया में जाएगी। वही ओवरब्रिज के लिए मापी कार्य होता देख रेलवे फाटक में जाम में फंसे लोगों में काफी खुशी थी जहां सभी लोगों ने टीम से कहा कि जल्दी ओवरब्रिज बनवाए ताकि फाटक बंद रहने पर फाटक खुलने का यूं वेट करना न पड़े। इस मौके पर एसएस गुड्डू कुमार, पथ निर्माण विभाग के जेई रामेश्वर मुर्मू सहित अन्य टीम में शामिल सदस्य मौजूद थे।

Leave a Comment