Chaibasa : आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोहरपुर–आनंदपुर मुख्य मार्ग पर स्थित जीरो किलोमीटर चौक के समीप मंगलवार देर शाम एक सवारी टेंपो और बोलेरो वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो चालक वाहन के भीतर ही फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो में चालक सहित एक महिला सवारी मौजूद थी, जो आनंदपुर साप्ताहिक बाजार से मथुरापोस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मनोहरपुर की ओर से आ रही बोलेरो (संख्या JH05 AS 4157), जो भिकेएस इंफ्रास्टक्चर, रांची (एनएच रोड कंस्ट्रक्शन ठेका कंपनी) से संबंधित बताई जा रही है, ने जीरो किलोमीटर चौक के पास टेंपो को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए टेंपो में फंसे चालक को बाहर निकाला और दोनों घायलों को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान टेंपो चालक विद्याधर महतो (42 वर्ष), निवासी मथुरापोस—जिन्हें पैर और माथे में गंभीर चोटें आई हैं—और महिला सवारी आलोमणी महतो (48 वर्ष), निवासी मथुरापोस—जिन्हें माथे, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें लगी हैं—के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।









